मोहनखेडा से चुनावी अभियान का आगाज करेंगी प्रियंका वाड्रा
मोहनखेडा से चुनावी अभियान का आगाज करेंगी प्रियंका वाड्रा
मालवा-निमाड़ के कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज धार से
भोपाल। मप्र में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपने चुनावी अभियान की तैयारी तेज कर दी है। मालवा-निमाड़ में कांग्रेस चुनावी अभियान की शुरुआत इंदौर संभाग के धार जिले से होने जा रही है। जानकारी के अनुसार आगामी माह के 5 अक्टूबर को धार के मोहनखेड़ा में प्रियंका गांधी वाड्रा जनसभा के जरिए चुनाव अभियान का आगाज करेंगी।
यह मालवा-निमाड़ में कांग्रेस का पहला बड़ा कार्यक्रम होगा। प्रियंका इंदौर में एक सभा को संबोधित करने के साथ ही 1 रोड शो भी करेंगी। 2018 में मालवा निमाड़ के चुनाव अभियान का शंखनाद राहुल गांधी ने उज्जैन से किया था। कांग्रेस नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका मप्र में चुनाव की घोषणा होते ही अपने दौरे तेज कर देंगी। प्रियंका गांधी मालवा-निमाड़ में लगभग 10 सभाओं को संबोधित करेंगी। उनके साथ कई बार राहुल गांधी भी नजर आएंगे, लेकिन मध्यप्रदेश में कैंपेन की रणनीति को अंतिम रूप प्रियंका ही देंगी।
राहुल छत्तीसगढ़, राजस्थान का कैंपेन लीड करेंगे। बीच-बीच में प्रियंका भी छत्तीसगढ़, राजस्थान व तेलंगाना में सभा करेंगी। कांग्रेस के चुनाव रणनीति-कारों ने इसकी रूपरेखा तैयार कर लिया है। प्रियंका के ऑफिस ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चुनाव की घोषणा होते ही प्रियंका गांधी के मप्र में दौरे शुरू हो जाएंगे।