मप्र बोर्ड ने किया पेपर डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में बदलाव; ऑनलाइन ट्रैकिंग, पहली बार केंद्राध्यक्ष भी रहेंगे बिना मोबाइल

मप्र बोर्ड ने किया पेपर डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में बदलाव; ऑनलाइन ट्रैकिंग, पहली बार केंद्राध्यक्ष भी रहेंगे बिना मोबाइल

भोपाल। मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा 5 व 6 फरवरी से शुरू होने वाली है।पेपर सेंटरों पर सुरक्षित पहुंचे इसे लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कई तैयारियां की हैं। इसमें एक तरफ जहां ऐप से पेपर केंद्र तक ले जाने के दौरान जीपीएस से नजर रखी जाएगी।

दूसरी तरफ, जिला प्रशासन की देखरेख में पेपर परीक्षा केंद्र तक पहुंचेगा। अब तक परीक्षा केंद्राध्यक्ष ही थाने से ही पेपर सुबह लाते थे। बोर्ड के अधिकारियों की माने तो शुक्रवार को पेपर प्रदेश के सभी संबंधित थानों में पहुंच चुके हैं।हर सेंटर पर कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त।

माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड के सचिव डॉ. कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि मंडल ने प्रश्न पत्रों की गोपनीयता को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रश्न पत्र थाने में सुरक्षित रखे जाते हैं। जिसकी देखरेख के लिए कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं। वे ऐप से मॉनिटरिंग करेंगे।

उस ऐप में कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति का समय और हर एक मूवमेंट दर्ज होगा। यह हमारे डैशबोर्ड पर दिखेगा।
इससे पहले चार से 5 केंद्रों पर एक कलेक्टर प्रतिनिधि होता था। लेकिन, ऐसा पहली बार है कि हर सेंटर के लिए एक कलेक्टर प्रतिनिधि होगा।

भ्रामक प्रचार से दूर रहें बच्चे
कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी में ना फंसे। कोई भी प्रश्न पत्र की गोपनीयता भंग नहीं कर सकता है। लोगों के झूठे आश्वासन में नहीं आना चाहिए, और ना ही ऐसे किसी ग्रुप का मेंबर बनना चाहिए। हमने ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। तीन की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।

Back to top button