भाजपा के समर्थन में सामने आयी भीम आर्मी आजाद पार्टी; पूर्व सीएम दिग्विजय ने लिखा-भाजपा के चंगुल में नहीं फंसे
भाजपा के समर्थन में सामने आयी भीम आर्मी आजाद पार्टी; पूर्व सीएम दिग्विजय ने लिखा-भाजपा के चंगुल में नहीं फंसे

भोपाल।मप्र की सियासत में इन दिनों बदलाव दिख रहा है। बता दें कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच भीम आर्मी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील बैरसिया और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील अस्तेय पर बीजेपी से साठगांठ का आरोप लगा है। उनकी ही पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और डबरा से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी रूपेश कैन का आरोप है कि दोनों प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया है।
पूर्व सीएम ने शेयर किया वीडियो
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने मंगलवार सुबह वीडियो एक्स हैंडल पर शेयर किया। उन्होंने लिखा- भाजपा एससी एसटी के हित में काम करने के बजाय केवल चुनाव में एससी एसटी के वोट काटने के लिए अपनी काली कमाई के पैसे से नौजवानों को खरीद कर कांग्रेस को हराने के लिए भाजपा उम्मीदवार खड़े करती है। चाहे भाजपा हो चाहे, भीम आर्मी, चाहे जयस चाहे, जीजीपी के नाम से। इन संगठनों को भाजपा के चंगुल में नहीं फंसना चाहिए। जिसकी सरकार बने, उन्हें अपना एजेंटा देना चाहिए। एससी एसटी के हितों के लिए लड़ाई लड़ना चाहिए। हम कांग्रेसजन उनका साथ देंगे।
भोपाल में हुआ था विवाद
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने जो वीडियो शेयर किया, वह 28 अक्टूबर का है। वीडियो में रूपेश कैन भोपाल की वीआईपी रोड पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों पर सार्वजनिक तौर पर बीजेपी से साठगांठ का आरोप लगाते दिख रहे हैं। वीडियो में दोनों प्रदेशाध्यक्ष भी दिख रहे हैं। रूपेश कहते दिख रहे हैं कि भाजपा की गाड़ी लेकर चल रहे हैं। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष…ये हैं हमारे प्रदेश अध्यक्ष, जिन्होंने करोड़ों रुपए में हमारी समाज बेच दी है। इसके बाद वे गाड़ियों का वीडियो दिखाते हुए कहते हैं कि ये गाड़ी राय के नाम से है, जो बीजेपी नेता की है। ये दौड़कर भाग रहे हैं। बताइए ये गाड़ी किसकी है। ये गाड़ी मालती राय के पति की है। अध्यक्ष जी सामने मुंह कीजिए। आपको पूरी समाज देख रही है। क्या ये सही है आपने भाजपा से पैसे लिए और छह-छह गाड़ियां ले लीं।