गुजरात में गैस के गुब्बारे फटने से 30 घायल

पटाखों से गैस भरे गुब्बारों में लगी आग
मेहसाणा। गुजरात में मेहसाणा जिले के ब्राह्मणवाड़ा गांव में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां भगवान गणपति के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम में गैस के सैकड़ों गुब्बारे फट गए। इसकी चपेट में आकर 30 लोग जख्मी हो गए। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को ब्राह्मणवाड़ा और ऊंझा के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।
ब्राह्मणवाड़ा में भगवान गणपति की मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। कुछ लोग गैस के गुब्बारे लेकर खड़े हुए थे, जबकि बगल में कुछ लोग आतिशबाजी कर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान पटाखों की आग गुब्बारों तक पहुंच गई और एक साथ सारे गुब्बारे फटने पर जोरदार धमाका हुआ और भगदड़ मच गई। हादसे में घायल 5 गंभीर लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ घायलों को स्थानीय अस्पताल और सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। गंभीर घायलों को आगे के इलाज के लिए उंझा के सिविल हॉस्पिटल रेफर किया गया है। वहीं, करीब 20 मरीजों को ऊंझा के लायंस अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।