प्रदेश में गिरने लगा न्यूनतम तापमान माउंट आबू में पारा 11 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
जयपुर। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के साथ ही मैदानी राज्य फिर से रात में ठंडे होने लगे हैं। राजस्थान के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है । हिल स्टेशन माउंट आबू में सर्दी शुरू हो गई और यहां रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शेखावाटी में गांवों के साथ अब शहरों में भी सर्दी बढ़ गई है। यहां तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने लगा है।माउंट आबू में 11 डिग्री पर पहुंचा न्यूनतम तापमान राजस्थान में बीती रात सबसे ठंडा इलाका माउंट आबू रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू में सर्दी बढ़ने के साथ पयर्टकों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। यहां दिन का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने लगा है। माउंट आबू के बाद दूसरा सबसे ठंडा शहर सीकर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में इस महीने में चौथी बार तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया है। यहां अब लोग रात में कंबल का उपयोग करने लगे हैं। सीकर के ग्रामीण इलाकों में भी सर्दी और ज्यादा बढ़ने लगी है।सीकर के अलावा पिलानी, फतेहपुर, चूरू में भी मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा । गंगानगर, जोधपुर, पाली में रात में भी सर्दी बढ़ी और यहां पारा 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले 6 दिन उत्तर भारत में मौसम साफ रहेगा, जिससे राजस्थान में तापमान और गिरने की संभावना है।