मंडलायुक्त ने 1 तारीख 1 घंटा स्वच्छता के लिए किया श्रमदान, विहार घाट पर चलाया गया स्वच्छता अभियान
मंडलायुक्त ने 1 तारीख 1 घंटा स्वच्छता के लिए किया श्रमदान, विहार घाट पर चलाया गया स्वच्छता अभियान
आगरा / मथुरा । यमुना किनारे वृंदावन के विहार घाट पर रविवार की सुबह मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी , जिलाधिकारी शैलेंद्र कु़मार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा ने इस्कान अनुयायियों के हरिनाम संकीर्तन की धुन के बीच स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। दरअसल स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आज 1 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में 1 तारीख 1 घंटा स्वच्छता के लिए श्रमदान अभियान चलाया गया। जिसमें शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी के रूप में मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी वृंदावन पहुंची और विहार घाट तथा परिक्रमा मार्ग पर सफाई कर श्रमदान किया। साथ में मा. विधायक श्रीकांत शर्मा भी मौजूद रहे। यमुना किनारे कचरा संकलित करने के बाद परिक्रमा मार्ग होेते हुए अधिकारियों का काफिला श्रृंगारवट पहुंचा। कार्यक्रम में मंडलायुक्त महोदया ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ साथ सफाईकर्मी योद्धाओं और एनजीओ से जुड़े सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री एवं मा. मुख्यमंत्री के आह्वान पर देश व प्रदेश में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। आज इसकी शुरुआत हुई है, आज न केवल वृंदावन बल्कि जनपद के हर अनेक क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत तथा ग्राम पंचायतों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सरकारी मशीनरी के साथ साथ विभिन्न एनजीओ भी अभियान से जुड़े है। मंडलायुक्त ने अपील करते हुए कहा कि इस अभियान में स्थानीय लोग और श्रद्धालु आगे आएं और सफाई अभियान में प्रतिभाग कर इसे सफल बनाएं। अपने घरों के आसपास खुद ही स्वच्छता रखें। स्वच्छता को हमें रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, ताकि स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सके।स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के ओएसडी प्रसून्न द्विवेदी, सीओ सदर प्रवीन मलिक, सहायक नगर आयुक्त लवकुश गुप्ता, डीएफओ रजनीकांत मित्तल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।