तबादला नहीं करेंगे,अफसर से काम करने का तरीका आता है
राजनारायण सिंह चुनाव परिणाम से पहले दहाड़े
खंडवा। 15 साल से ज्यादा भाजपा सत्ता में रही। इस बार चुनाव परिणाम से पहले ही कांग्रेसी फुल फॉर्म में नजर आ रहे हैं। भाजपाई, परिणाम आने का इंतजार कर रहे हैं
पूर्व विधायक राजनारायण सिंह उत्साह में नजर आ रहे हैं। उन्होंने साफ कहा है, कि जिन अफसर ने हमारा साथ नहीं दिया। हम उनका तबादला नहीं करेंगे। उन्हें यहीं सुधार देंगे। मर्द वाली राजनीति करते हैं। मैंने राजनीतिक जीवन में कभी तबादलों की चिट्ठी नहीं लिखी।
राजनारायण सिंह, निमाड़ के व्हाइट टाइगर कहे जाते हैं। वे हमेशा जुबान की कीमत रखते हैं। साफगोई से कुछ भी बात करने से नहीं हिचकते।
इस बार मांधाता से उनके पुत्र उत्तम पाल सिंह को कांग्रेस ने टिकट दिया था। राजनारायण सिंह कई बड़े पदों पर कांग्रेस के जमाने में रह चुके हैं। उनका साफ कहना है, कि राजनीति में किसी कर्मचारी या अफसर का नुकसान नहीं होना चाहिए, बल्कि उनसे काम करवाने का तरीका आना चाहिए। तबादलों का काम प्रशासनिक बड़े अफसर का होता है, नेताओं का नहीं।
वे कमलनाथ के पत्र पर मीडिया को जवाब दे रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनाव संपन्न होने के बाद समस्त प्रत्याशी को एक पत्र जारी करके कहा था कि उनके निर्वाचन में जिन अधिकारी कर्मचारियों ने कथित तौर पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम किया है। ऐसे अधिकारी कर्मचारी को सूची तैयार की जाए, ताकि आने वाले समय में उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।