हर गांव में प्रशिक्षण केन्द्र बनाकर महिलाओं को हुनरमंद बनाएंगे
हर गांव में प्रशिक्षण केन्द्र बनाकर महिलाओं को हुनरमंद बनाएंगे
समूह से जुड़ीं महिलाओं के सम्मेलन में विधायक का ऐलान
आलोक चतुर्वेदी ने किया महिला सम्मेलन का आयोजन
छतरपुर। छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन भैया के द्वारा गांधी जयंती 2 अक्टूबर के अवसर पर मेल-मिलाप एवं सम्मान समारोह अभियान के अंतर्गत छतरपुर विधानसभा क्षेत्र की हजारों महिलाओं का सम्मेलन किया। इस सम्मेलन में स्वसहायता समूहों से जुड़ीं महिलाएं उपस्थित रहंी। इस मौके पर विधायक आलोक चतुर्वेदी ने क्षेत्र की महिलाओं के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में समूह से जुड़ीं महिलाओं एवं अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निजी स्तर पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रशिक्षण केन्द्र खोलेंगे ताकि महिलाएं विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।
श्री चतुर्वेदी ने कहा कि महात्मा गांधी हमें स्वावलंबी बनाने की शिक्षा देते हैं। महिलाएं अपने घर की मालकिन होती हैं लेकिन वे सही मायने में तभी मालकिन बनेंगी जब स्वयं हुनरमंद होकर आर्थिक रूप से मजबूत होंगी। इसके लिए हर गांव में प्रशिक्षण केन्द्र खोले जाएंगे। महिलाओं को बरी, पापड़ बनाने, अगरबत्ती निर्माण करने, ब्यूटीशियन का कोर्स कराने, सिलाई सिखाने जैसे कार्यों से जोड़ा जाएगा ताकि वे खुद के बलबूते पर परिवार का भरण-पोषण कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बनने जा रही कांगे्रस की सरकार भी महिलाओं को नारी सम्मान योजना के माध्यम से 1500 रूपए हर महीने प्रदान करेगी। महंगाई से लडऩे के लिए 500 रूपए का रसोई गैस सिलेण्डर दिया जाएगा। जब परिवार सक्षम होंगे तभी समाज आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा। इस अवसर पर क्षेत्र से आयीं महिलाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विधायक आलोक चतुर्वेदी की राजनैतिक कार्यशैली की सराहना करते हुए दोनों हाथ उठाकर उन्हें सहयोग देने का भरोसा दिया।