*मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने वाले फिर भ्रम फैलाएंगे, जनता को सचेत करें* *- श्री विष्णुदत्त शर्मा*
![](https://indiahulchal.com/wp-content/uploads/2023/10/Namankan-27-10-1-780x470.jpeg)
छतरपुर, दिनांक 27/10/2023। भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्य की श्रेणी में पहुंचाया है। अब आत्मनिर्भर राज्य बनाना है, इसके लिए अभी प्रदेश में विकास के और कार्य करने हैं। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं का विकास कार्यों से कोई वास्ता नहीं होता, वे छल और झूठ की राजनीति के सहारे सत्ता में काबिज होने का ख्वाब देख रहे हैं। मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने वाले फिर भ्रम फैलाएंगे, हमें जनता को सचेत करना है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के मंसूबों को अच्छी तरह से समझ गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने देश के साथ पूरे प्रदेश का विकास किया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का कार्य भाजपा कार्यकर्ताओं को करना है। मंडल अध्यक्षों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने छतरपुर जिले के चंदला विधानसभा कार्यालय में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कही।
*मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पन्ना में पार्टी प्रत्याशियों के नामांकन में हुए शामिल, रोड शो किया*
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा शुक्रवार को पन्ना में पन्ना विधानसभा के पार्टी प्रत्याशी श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, गुन्नौर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी श्री राजेश कुमार वर्मा एवं पवई विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी श्री प्रहलाद लोधी के नामांकन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान और प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने तीनों प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। रोड शो के दौरान पार्टी नेताओं ने जनता का अभिवादन करते हुए उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील की। रोड शो में जगह जगह जनता ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
*छल-कपट करने वालों से जनता को सचेत करना है*
विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि छात्र जीवन से पार्टी का कार्य करने वाले नौजवान भाई दिलीप अहिरवार को पार्टी ने चंदला विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। चंदला विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई कार्य हुए हैं, जो बचे हैं, उन्हें दिलीप अहिरवार पूरा करेंगे। 2003 से पहले क्षेत्र की क्या हालत थी, यह किसी से छिपी नहीं है। भाजपा की सरकार बनने के बाद ही इस क्षेत्र का कायाकल्प हुआ है। लेकिन 2003 तक प्रदेश को बंटाढार बनाने वाली ताकतें फिर से छल-कपट और कर जनता को भ्रमित करने वाली हैं, ऐसे लोगों से जनता को सचेत करना है। चुनाव में कांग्रेसी झूठ बोलेंगे, लेकिन हमें जनता को सचेत करना है कि उनके झूठे वादों में नहीं आना है। जनता को भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को बताना है। झोपड़ी में रहने वाले गरीब किसान की चिंता भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने की है। गरीबों को घर देने का काम प्रधानमंत्री जी ने किया है। जो गरीब पैसे के अभाव में इलाज से वंचित होते थे, मोदी जी ने उनकी चिंता करते हुए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना बनाई जिससे 5 लाख तक का इलाज निःशुल्क सरकार द्वारा किया जाता है अब कोई भी गरीब इलाज से वंचित नहीं रहेगा। प्रदेश की एक करोड़ 31 लाख लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में हर माह 1250 रुपए मिल रहे हैं। सबका साथ सबका विकास के उद्देश्य से भाजपा सरकार ने काम किया है, विकास और गरीब कल्याण हमारी ताकत है।
*अंग्रेजों के जींस कांग्रेस में आज भी*
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अंग्रेजों की तरह उन्होंने फूट डालो राज करो की नीति अपनाई। अंग्रेजों के जींस आज भी कांग्रेस में है। भाजपा में प्रत्याशी नहीं कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है। बूथ समिति, पन्ना प्रमुख, पन्ना समिति सभी लोग मेहनत करके अपने-अपने बूथ पर भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करें। गुजरात चुनाव में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा ने पन्ना प्रमुख पन्ना समिति को जीत का श्रेय दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी भी छतरपुर जिले में आएंगे। हमारे नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं को विश्वास है। नेतृत्व ने जो निर्णय लिया वह हम सभी कार्यकर्ताओं को स्वीकार करते हुए भारतीय जनता पार्टी को जिताना है। संकल्प लेकर यहां से जाना है विकास द्रुत गति से आगे बढ़े इसलिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहिए।
बैठक में प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिला अध्यक्ष श्री मलखान सिंह, जिला प्रभारी श्री प्रभुदयाल पटेल, प्रत्याशी श्री दिलीप अहिरवार, जिला महामंत्री श्री सुरेंद्र चौरसिया, वरिष्ठ नेता श्री जयराम चतुर्वेदी, जिला पंचायत सदस्य श्री अवध मिश्रा, विधानसभा संयोजक श्री हर प्रसाद पटेल, श्री लखन पचौरी मंडल अध्यक्ष श्री महेंद्र पटेल, श्री लखन अवस्थी, श्री बालाराम अहिरवार, मीडिया प्रभारी श्री अरविंद बुंदेला, श्री मनोज दीक्षित सहित मंडल पदाधिकारी, बूथ समिति के सदस्य शक्ति केंद्र की टोली और वरिष्ठ नेता उपस्थिति रहे।