प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा का बयान

वादाखिलाफी कांग्रेस का नया वादा, फिर जनता को ठगने का इरादा
प्रियंका ने इंदिरा जी की बात कर जनता को याद दिलाया आपातकाल
कांग्रेस ने आदिवासियों को वोट बैंक समझा, भाजपा ने पेसा एक्ट लागू कर उन्हें अधिकार संपन्न बनाया
– विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल, दिनांक 12/10/2023। आजादी के बाद से ही कांग्रेस पार्टी देश के भोले-भाले आदिवासियों को वोट बैंक समझती रही है। आज भी कांग्रेस पार्टी जनजातीय समाज को चुनाव के समय ही याद करती है। कांग्रेस पार्टी ने आदिवासी समाज के उत्थान के लिए कोई कार्य नहीं किया। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का विरोध किया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी ने प्रधानमंत्री सड़क योजना लागू की, तब सुदूर अंचलों में रहने वाले जनजातीय भाई-बहनों के मजरों-टोलों तक आवागमन के लिए पक्की सड़कें बनाई जा सकीं। आजादी के बाद करीब 60 वर्षों तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने आदिवासी भाई-बहनों के कल्याण के लिए कोई कार्य नहीं किया। आज मंडला में प्रियंका गांधी ने इंदिरा गांधी का जिक्र कर जनता को आपातकाल की याद दिला दी है। वादाखिलाफी कांग्रेस का नया वादा, फिर जनता को ठगने का इरादा है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा मंडला में एक सभा में दिए गए भाषण पर पलटवार करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में केंद्र सरकार ने अलग जनजातीय मंत्रालय बनाकर उनके विकास के लिए योजनाएं बनाईं। श्री शर्मा ने कहा कि श्रीमती प्रियंका गांधी यह मध्यप्रदेश है, यहां गरीब कल्याण, विकास और सुशासन के आधार पर जनता मतदान करती है।
जनता आपातकाल को आज तक भूली नहीं है
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने प्रियंका गांधी द्वारा मंडला की सभा में खुद को इंदिरा की पोती बताकर अपनी शक्ल दादी इंदिरा से मिलने की बात पर कहा कि देश आपातकाल भूला नहीं है। इंदिरा गांधी द्वारा देश में आपातकाल लगाकर जिस प्रकार से लोकतंत्र की हत्या की गई थी, वह देश की जनता आज तक भूली नहीं है। आदिवासी और जनता के लिए कांग्रेस ने कभी कुछ नहीं किया, इसलिए प्रियंका गांधी दादी से अपनी शक्ल मिलना बताकर जनता से वोट मांग रही हैं।
झूठे आंकड़े पेश कर जनता को बरगलाना बंद करे कांग्रेस
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मंडला में प्रियंका गांधी द्वारा मध्यप्रदेश में आदिवासी अत्याचार, बेरोजगारी, महंगाई और अत्याचार को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से झूठे आंकड़े प्रस्तुत कर जनता को बरगलाने का कार्य किया है। कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान महिला अपराध में नंबर एक पर है, उसे लेकर बात नहीं की जाती। मध्यप्रदेश में महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए लाड़ली बहना योजना के तहत प्रति माह एक करोड़ 31 लाख से अधिक महिलाओं को 1250 रूपए दिए जा रहे हैं। बच्चियों के साथ गलत काम करने वालों को फांसी देने का कानून मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बनाया है। विश्व में सबसे कम महंगाई भारत में है। बेरोजगारी की बात करने वालों को मैं बता दूं, मध्यप्रदेश में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का कार्य चल रहा है। केंद्र सरकार भी प्रतिमाह 70 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति-पत्र सौंप रही है। भाजपा सरकार ने पेसा एक्ट लागू करके आदिवासी समाज को अधिकार संपन्न बनाया है। जनजातीय विकासखंडों में पेसा कानून के तहत तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य भी पंचायत स्तर पर स्थानीय लोगों के अधीन कराया जा रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को भाजपा सरकार ने बीमा भी कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button