गंगा किनारे पहुंचे शिवराज बोले संतो का आशीर्वाद लेकर शुरू करूंगा काम कांग्रेस का तंज-दादा अब ऋषिकेश में होगा स्थाई चिंतन-मनन
गंगा किनारे पहुंचे शिवराज बोले संतो का आशीर्वाद लेकर शुरू करूंगा काम कांग्रेस का तंज-दादा अब ऋषिकेश में होगा स्थाई चिंतन-मनन

भोपाल । अनेक बार ऐसा होता है कि सीएम शिवराज अपने कार्यों से लोगों को चौंका देते हैं। हुआ यूं कि आचार संहिता लगने और भाजपा प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी होने के बाद शिवराज सिंह चौहान देवभूमि (उत्तराखंड) पहुंच गए। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद पोस्ट की जिसमें गंगा के किनारे बैठकर चिंतन करते हुए दिख् रहे हैं। उन्होंने लिखा- ‘मां गंगा भारतीय संस्कृति का पुण्य प्रवाह; यही संस्कृति भौतिकता की अग्नि में दग्ध विश्व मानवता को शाश्वत शांति के पथ का दिग्दर्शन कराएगी। बता दें कि सीएम के साथ पत्नी साधना और दोनों बेटे कार्तिकेय-कुणाल भी हैं।
उत्तराखंड रवाना होने से पहले सीएम ने कहा था- मैं हरिद्वार और ऋषिकेश जा रहा हूं। दिनभर मुलाकात और चिंतन दोनों करूंगा। गुरुवार सुबह लौटूंगा और चुनाव अभियान में पूरी ताकत से जाएंगे। केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद।
कांग्रेस का तंज अब ऋषिकेश स्थाई चिंतन-मनन होगा
मुख्यमंत्री के ऋषिकेश जाने पर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- चिंतन-मनन के लिए ऋषिकेश पहुंचे शिवराज सिंह चौहान जी, मोक्ष दायिनी गंगा, गंगा जल पर 18% जीएसटी खामोश!! 3 दिसंबर तो दिवाली कमल (नाथ) की ही मनेगी… दादा अब ऋषिकेश… स्थाई चिंतन-मनन होगा ।
हमारे उम्मीदवार मैदान में हैं, कांग्रेस में लठ्ठम लठ्ठा
सीएम शिवराज ने कहा- हमारे उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन कांग्रेस में तो लट्ठम – लट्ठा मची हुई है। हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। अपने कार्यकर्ताओं के साथ अपने अस्तित्व की संपूर्ण क्षमता झोंककर हम लोग काम करेंगे और निश्चित तौर पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएंगे। क्योंकि यह प्रदेश के और प्रदेश की जनता के हित में है।