लोकसभा चुनाव 2024: बीजेपी की दूसरी लिस्ट जारी, लिस्ट में कुछ नए तो कुछ पुराने चेहरे

लोकसभा चुनाव 2024: बीजेपी की दूसरी लिस्ट जारी, लिस्ट में कुछ नए तो कुछ पुराने चेहरे

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी राजनितिक दल अपनी अपनी योजनाओं में लगे हुए हैं, “अब की बार किसकी सरकार,” यह विषय लिए हुए सभी पार्टियां अपने अपने दल से मजबूत लोगों पर दांव लगा रही हैं, वहीं इस बीच बीजेपी ने बुधवार को अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुछ नए तो कुछ पूर्व सांसद शामिल हैं।

बीजेपी ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से हर्ष मल्होत्रा को चुनाव मैदान में उतारा है। हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर रह चुके हैं। वह बीजेपी के पुराने कार्यकर्ता हैं। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से 2019 में गौतम गंभीर ने जीत हासिल की थी। हर्ष मल्होत्रा के अलावा बीजेपी ने दूसरी लिस्ट में योगेंद्र चंदोलिया के नाम का ऐलान किया। वह उत्तर पश्चिमी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। 72 उम्मीदवारों वाली इस लिस्ट में त्रिपुरा की महारानी कृति सिंह देबबर्मा और पूर्ववर्ती मैसूरु शाही परिवार के प्रमुख यदुवीर कृष्णदत्त चामराज वाडियार का नाम भी है।

बीजेपी ने कृति सिंह देबबर्मा को त्रिपुरा पूर्व सीट से मैदान में उतारा गया है, जबकि वाडियार राजवंश के ‘राजा’ मैसूर सीट से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी की दूसरी लिस्ट में, महाराष्ट्र एवं कर्नाटक से 20-20, गुजरात से 7, हरियाणा एवं तेलंगाना से 6-6, मध्य प्रदेश से 5, दिल्ली, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश से 2-2, और त्रिपुरा, दादर एवं नगर हवेली से 1-1 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। देखा जाए तो बीजेपी अब तक अपनी दो लिस्टों में कुल 267 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है।

पार्टी ने इन नेताओं को दोबारा मौका दिया

72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल और अनुराग सिंह ठाकुर तथा हरियाणा के मनोहर लाल खट्टर सहित तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने दो पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और सदानंद गौड़ा के टिकट काट दिए हैं। भाजपा द्वारा जारी दूसरी सूची के अनुसार गडकरी और ठाकुर क्रमश: महाराष्ट्र के नागपुर और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से चुनाव लड़ेंगे जबकि खट्टर हरियाणा के करनाल और गोयल मुंबई उत्तर से लोकसभा चुनाव में पदार्पण करेंगे। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई हावेरी से और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हरिद्वार से चुनाव लड़ेंगे।

सत्तारूढ़ दल ने पहली सूची में 34 केंद्रीय मंत्रियों के नाम भी शामिल किए थे जिनमें गांधीनगर सीट से अमित शाह और लखनऊ सीट से राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज शामिल थे। दो पूर्व मुख्यमंत्रियों शिवराज सिंह चौहान और बिप्लब कुमार देब का नाम भी पहली सूची में था। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में बीजेपी ने दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की थी लेकिन इस बार बीजेपी ने सात में से छह सीटों पर नए चेहरों पर दांव लगाया है। बीजेपी ने सिर्फ उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर मनोज तिवारी को टिकट दिया है।

Back to top button