बुजुर्ग और दिव्‍यांग घर से ही कर सकेंगे मतदान – आयोग

बुजुर्ग और दिव्‍यांग घर से ही कर सकेंगे मतदान – आयोग

देश के मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ने भोपाल में की मीडिया से चर्चा
भोपाल। जितना जरूरी होता था मतदान करना, उतना ही जरूरी होता था कि मतदाता बूथ केंद्र तक हर हाल में जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त ने इस संबंध में विस्‍तृत जानकारी मीडिया से साझा की है। मतदाताओं के लिए यह बडी राहत जैसी खबर है। आयोग ने यह भी कहा है कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 4 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 11 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। इस बार मतदान में फीमेल पार्टिसिपेशन बढ़ाने पर फोकस किया जाएगा। करीब 50 % से ज्यादा पोलिंग बूथ पर वेब कास्टिंग की जाएगी। 5000 पोलिंग बूथ महिलाओं द्वारा मैनेज किए जाएंगे। यहां सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं ही रहेंगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को घर से वोटिंग की सुविधा मिलेगी। ऐप के जरिए बूथ पर अनियमितताओं की शिकायत की जा सकेगी। इस संबंध में बुधवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में चुनाव आयोग ने प्रेस को विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। पिछले दो दिन तक भारत निर्वाचन आयोग की फुल बेंच ने प्रदेश भर के अफसरों के साथ बैठक की। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिस युवाओं के लिए नियुक्त किए गए हैं। चुनाव आयोग ने कहा है कि जो कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में लगेंगे, वे घर जाकर वोट नहीं कर पाएंगे। उन्हें केंद्र पर ही वोट करना होगा।
इस बार महिलाओं पर होगा फोकस
चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस बार महिलाओं पर खास फोकस रखा गया है। 108 विधानसभाएं ऐसी हैं, जहां सेक्स रेश्यो 936 से कम है, इसलिए 920 पोलिंग बूथ को चिन्हित किया है, जहां महिलाओं का मतदान प्रतिशत 10%से कम है। 6,920 पोलिंग स्टेशन में फीमेल पार्टिसिपेशन बढ़ाने के लिए कहा गया है। साथ ही, 5 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ पर महिलाएं ही रहेंगी। यहां सुरक्षाकर्मी भी महिला ही रहेंगी।
बुजुर्ग और दिव्यांगों को घर से वोटिंग की सुविधा
वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर से वोट करने की सुविधा दी है। नामांकन के 5 दिन में यदि फॉर्म 12 D भरेंगे, तो घर से वोटिंग की सुविधा मिलेगी। इसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि निष्पक्षता बनी रहे। यही सुविधा दिव्यांगों को भी देने का फैसला किया है। इस सुविधा के लिए ‘सक्षम’ ऐप पर बुकिंग करनी होगी।
18 लाख 86 हजार पहली बार वोट डालेंगे
प्रदेश में कुल 5.52 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 2 करोड़ 85 लाख पुरुष, 2 करोड़ 67 लाख महिला वोटर, 1336 ट्रांसजेंडर वोटर हैं। वहीं, 4 लाख 85 हजार दिव्यांग वोटर हैं। 80 साल से ऊपर मतदाताओं की संख्या 7.50 लाख है। वहीं, 100 साल से ज्यादा उम्र वाले 6,180 वोटर हैं। 18 लाख 86 हजार मतदाता पहली बार वोटिंग करेंगे। 75,426 सरकारी कर्मचारी वोटर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button