भाजपा 18 साल से सत्ता में, भर्ती से ज्यादा घोटाले हो रहे- प्रियंका
भाजपा 18 साल से सत्ता में, भर्ती से ज्यादा घोटाले हो रहे- प्रियंका

भोपाल। चुनाव को देखते हुए सियासी दल एक दूसरे पर आक्रामक हो गये हैं। यही वजह है कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने दमोह में कहा, ‘मध्यप्रदेश सरकार ने पिछले 3 साल में मात्र 21 रोजगार दिए हैं। पिछले 18 साल से सत्ता में हैं। यहां भर्ती से ज्यादा घोटाले हो रहे हैं। खाली पद भरे नहीं जा रहे। देश की संपत्ति बड़े-बड़े उद्योगपति मित्रों को कौड़ियों के दाम पर सौंप दी। इनसे रोजगार कैसे बनेंगे।’
दमोह की एक आमसभा में प्रियंका वाड्रा ने कहा, ‘सरकार और नेता से आपकी क्या उम्मीद है? इसका जनता की ओर से एक ही जवाब आता है- हमारे जीवन में मुश्किलें बहुत हैं।’उन्होंने दावा करते हुए कहा, ‘मध्यप्रदेश बड़े बदलाव के लिए तैयार है। 225 महीने के शासन में 250 घोटाले करने वाली भ्रष्ट भाजपा सरकार जा रही है। भारी बहुमत से कांग्रेस आ रही है।’
प्रियंका जातिगत जनगणना की पैरवी किया
प्रियंका वाड्राने कहा कि जातिगत जनगणना करो। बिहार में जातिगत जनगणना की गई है। वहां 84% जनता SC, ST और OBC है। लेकिन, अगर आप नौकरियों में बड़े-बड़े पदों को देखेंगे तो इन समुदायों का प्रतिनिधित्व क्या है? आप पाएंगे कि इतना प्रतिनिधित्व नहीं है।
इन्होंने नोटबंदी और जीएसटी लाकर छोटे दुकानदारों की कमर तोड़ दी। कोरोना में हमारे देश में किसी को राहत नहीं मिली, बाकी देशों में दुकानदारों को राहत दी गई। बड़े उद्योगपतियों के करोड़ों के लोन माफ हो रहे हैं। मनरेगा को कमजोर बनाया। किसानों की कमर तोड़ी। इससे रोजगार के माध्यम बंद हो गए। महंगाई बढ़ती चली गई।
भाजपा के नेताओं को बेरोजगार बनाना है- कमलनाथ
सभा में पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, ‘बुंदेलखंड पैकेज का बुंदेलखंड में लाभ नहीं मिला। भाजपा ने प्रदेश को चौपट बना दिया। हमें बेरोजगारी दूर करने से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को बेरोजगार बनाना है। यह मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है। शिवराज ने 22 हजार घोषणाएं की हैं। झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है।’
26 सीटों पर असर
माना जा रहा है कि दमोह में प्रियंका की सभा से बुंदेलखंड की 26 सीटों पर असर पड़ेगा। खासकर दमोह की चार सीटें सहित पन्ना की तीन, सागर की रहली, छतरपुर की एक और जबलपुर की पाटन विधानसभा पर अधिक असर पड़ेगा। मतलब 10 सीटों पर सीधा असर। इससे पहले सागर में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी आ चुके हैं। ये दलित बहुल सीटें हैं।