भाजपा ने सारंग, गौर , खत्री पर फिर जताया जीत का भरोसा
भाजपा ने सारंग, गौर , खत्री पर फिर जताया जीत का भरोसा
राजधानी की सीटों पर भाजपा के कई नेता थे दावेदार
भोपाल। जैसे जैसे चुनाव की गतिविधियां तेज हो रहीं हैं दलों के नेता भी सक्रिय हो रहे हैं। सोमवार को भाजपा ने राजधानी की कई सीटों के नाम घोषित कर दिए।बता दें कि भाजपा ने भोपाल की 7 में से 6 सीट पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। भोपाल में केवल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा सीट पर उम्मीदवार घोषित होना बाकी है। इस सीट से पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह सहित कई अन्य नेता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।संभवतया ऐसा पहली बार हो रहा है कि भाजपा के लिए इस सीट पर पहली बार पेंच फंस रहा है। यही कारण है कि इस सीट पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान अभी नहीं किया गया।
बीते चुनाव 2018 में भाजपा को 4 पर मिली थी जीत
बता दें कि विधानसभा चुनाव 2018 में भोपाल जिले की 7 विधानसभा सीट में से 4 पर भाजपा और तीन पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने जीत का स्वाद चखा था। भाजपा के विष्णु खत्री बैरसिया से, विश्वास सारंग नरेला सीट से, हूजूर सीट से रामेश्वर शर्मा और गोविंदपुरा सीट पर कृष्णा गौर ने जीत दर्ज की थी। चारों ही सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों का सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवारों से था। वहीं भोपाल दक्षिण पश्चिम सीट से कांग्रेस के पीसी शर्मा, भोपाल मध्य सीट से आरिफ मसूद और भोपाल उत्तर सीट से आरिफ अकील ने भाजपा उम्मीदवारों को हराया था।