बिगडते बोल – 4 लाख 22 हजार करोड़ का कर्ज भाजपा के दादा चुकाएंगे – सुरजेवाला
बिगडते बोल - 4 लाख 22 हजार करोड़ का कर्ज भाजपा के दादा चुकाएंगे – सुरजेवाला

कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के सम्मेलन में कांग्रेस प्रभारी के बोल
भोपाल । मध्यप्रदेश में चुनावी संग्राम अब सिर चढकर बोलने लगा है। यही कारण है कि भोपाल में आयोजित ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को नींद कैसे आती है। सुरजेवाला का कहना था कि बीजेपी सरकार ने प्रदेश की संपत्ति बेचकर साढ़े 18 साल में 4 लाख 22 हजार करोड़ का कर्ज ले लिया। इस कर्ज को भाजपा वालों के बाप चुकाएंगे या दादा ।
बता दें कि सुरजेवाला भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- गांव में कहा जाता है कि कर्ज लेकर जो वापस न दे उसे गांव से निष्कासित कर देते हैं। शिवराज तो तनख्वाह भी कर्ज लेकर दे रहे हैं। इस आदमी को जल्दी निकालो वरना यह पूरे प्रदेश को बेच देगा। सम्मेलन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारा मुकाबला बीजेपी ने नहीं है, बल्कि उनके संगठन से है। तीन-चार महीने में पूरी निष्ठा से काम किया तो कमलनाथ के कारण नहीं आपके कारण कांग्रेस की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज को बताया धोखेबाज
सुरजेवाला ने कहा कि मध्यप्रदेश के साढ़े आठ करोड़ लोगों ने कांग्रेस पार्टी को मैंडेट दिया। शिवराज सिंह चौहान ने कुछ विरोधियों से मिलकर सरकार बना ली। धोखेबाजों के सरदार शिवराज सिंह चौहान ने सरकार बना ली। ऐसी सरकार की विदाई का समय आ गया है।
प्रदेश प्रभारी सुरजेवाला ने भाजपा सरकार की विफलता गिनाते हुए कहा कि 18 साल में 30 हजार किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो गए। 38 हजार से ज्यादा महिलाओं से इस प्रदेश में दुष्कर्म हुए। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के जिले दतिया में दो नाबालिग बेटियों के साथ दुष्कर्म हुआ। गोविंदपुरा में गैंगरेप हुआ। कमलनाथ जी ने आज बेटियों से वादे किए हैं कि अलग अदालत बनेगी जो केवल महिला अपराधों के मामले में दंड देगी।
दूसरा आज लिखकर वचन दिया है कि हर थाने के अंदर महिला अत्याचार के खिलाफ एक विशेष सेल बनेगी। अगर किसी ने बहन बेटी की तरफ आंख उठाकर देखा तो 12 घंटे में वह जेल की सलाखों के पीछे होगा।
बहनों को झूठ के 1000 रुपए भेज रहे: सुरजेवाला
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने 18 साल में बहनों के लिए कुछ किया नहीं। अब मध्यप्रदेश की संपत्ति गिरवी रखकर बहनों को झूठ के 1000 रुपए भेज रहे हैं। उन्हें झूठ के 1000 नहीं, सच के 1500 रुपए चाहिए। सुरजेवाला ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोग आदिवासी भाइयों के ऊपर पेशाब करते हैं। दलित अत्याचार में मध्य प्रदेश नंबर वन है। बाल अपराधों में नंबर वन प्रदेश बन गया है।