करणी सेना अध्यक्ष को गोली मारने वाला

सेना का जवान, छुट्टी लेकर हरियाणा आया था

जांच के लिए एसआईटी बनाई घटना को लेकर राजस्थान में विरोध

जयपुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में 5 दिसंबर को उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें एक शूटर मकराना का रोहित और दूसरा हरियाणा के महेंद्रगढ़ का निवासी नितिन फौजी है। नितिन अभी सेना में है। उसी ने गोगामेड़ी के सिर में गोली मारी थी। इस हत्याकांड की जांच के लिए राजस्थान पुलिस ने एसआईटी भी गठित कर दी है। बताया जा रहा है कि नितिन नवंबर में छुट्टी लेकर घर (महेंद्रगढ़) आया था। फिर वो चला गया। घरवालों को इसकी जानकारी नहीं थी कि नितिन कहां गया। जब गोगामेड़ी हत्याकांड का वीडियो आया तो परिवारवालों ने नितिन को पहचाना। शूटर नितिन पंजाब की बठिंडा जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर संपत नेहरा के कॉन्टैक्ट में था। संपत नेहरा पर ही इस हत्याकांड की साजिश को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है। इसका पता चलने के बाद राजस्थान पुलिस ने हरियाणा में छापे मारे। साथ ही राजस्थान समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश में भी घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उधर, इस हत्याकांड के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने राजस्थान बंद बुलाया है। इसको लेकर प्रदेशभर में बाजार बंद हैं। जयपुर शहर में चलने वाली लो-फ्लोर बसें बंद करवा दी गई हैं। प्राइवेट स्कूलों ने भी बंद को समर्थन दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, नितिन फौजी सेना में है और महेंद्रगढ़ जिले के गांव दोंगड़ा जाट का रहने वाला है। वह नवंबर में ही छुट्टी पर आया था। इसके बाद 9 नवंबर को वह अपने घर से गाड़ी ठीक कराने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। उसके बाद से ही उसका परिजन से भी कोई संपर्क नहीं हो पाया। नितिन का नाम सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में सामने आने के बाद पुलिस ने भी यहां दबिश दी है।

पंजाब पुलिस ने 7 महीने पहले भेजा था नेहरा का इनपुट

हरियाणा में रेड करने पहुंची पुलिस टीम से यह भी पता चला कि सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या के बारे में 10 महीने पहले इनपुट मिला था। पंजाब पुलिस ने यह इनपुट राजस्थान पुलिस को भेजा था। इसमें बताया गया था कि बठिंडा जेल में बंद गैंगस्टर संपत नेहरा गोगामेड़ी की हत्या की साजिश रच रहा है। पंजाब पुलिस ने यहां तक बताया था कि उसने हत्या के लिए एक  एके -47 तक का इंतजाम कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button