पति-पत्नी की भिड़ंत की वजह से विमान को करना पड़ा इमरजेंसी लैंड

नई दिल्ली। बैंकॉक से म्युनिख जा रही लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट एलएच 772 की बुधवार 29 नवंबर को सुबह करीब 10.26 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में मौजूद एक दंपती के झगड़े की वजह से इसे दिल्ली डायवर्ट किया गया। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा क्यों हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
फ्लाइट क्रू ने पहले पाकिस्तान में लैंडिंग की इजाजत मांगी, लेकिन पाकिस्तान अथॉरिटी ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले बहस हो रही थी, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने फ्लाइट डायवर्ट करने का फैसला लिया।
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जर्मनी के एक शख्स का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। पत्नी थाईलैंड की रहने वाली है। महिला ने विमान के पायलट से भी पति के बुरे व्यवहार की शिकायत करते हुए दखल देने की मांग की थी। उसने कहा था कि उसका पति धमकियां दे रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट में लड़ रहे व्यक्ति को उतारकर उसे एयरपोर्ट सिक्योरिटी के हवाले कर दिया गया। हालांकि, इस मामले में अब तक लुफ्थांसा एयरलाइन की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। विमान में मौजूद बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट में झगड़ा कर रहा शख्स नशे की हालत में था।