भाजपा सरकार होती तो क्या कन्हैयालाल की हत्या होती?- योगी आदित्यनाथ

कोटा के इटावा में बोले उत्तर प्रदेश के मख्ुयमंत्री

कोटा। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राजस्थान में परिवर्तन होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि देश में भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी की जड़ केवल कांग्रेस है। इन सभी का समाधान केवल भाजपा और मोदी है। योगी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद की जड़ धारा 370 को सदैव के लिए समाप्त कर दिया है। योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को इटावा(कोटा), बूंदी और केकड़ी, पुष्कर (अजमेर) में जनसभा को संबोधित किया।

पुष्कर में कहा- कांग्रेस लोगों की आस्था का सम्मान नहीं कर सकती। कांग्रेस के रहते राममंदिर नहीं बन सकता था। आतंकवाद को नेस्तनाबूद भाजपा करेगी। आस्था का सम्मान भाजपा करेगी। उन्होंने कहा- आप याद करिए कि क्या यहां भाजपा की सरकार होती तो कन्हैयालाल की हत्या होती क्या? यूपी से सारे माफिया गायब हो गए। किसी गरीब की संपत्ति को कोई नहीं हड़प सकता। व्यापारी से कोई फिरौती नहीं मांग सकता। यूपी में भाजपा की सरकार में रामराज्य आ गया।

यूपी सीएम ने एक बार फिर राममंदिर के निर्माण को रोकने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आस्था के साथ खिलवाड़ करती है। हम नारा लगाते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, तो कांग्रेस के लोग हंसते थे, कहते थे कैसे बना देंगे। योगी ने कहा कि हम लोगों ने तब नारा लगाया कि रामलला हम आएंगे, पहले ढांचा हटाएंगे।उसके बाद मंदिर वहीं बनाने का नारा हमने दिया।

जब कोई आपदा आती है तो कांग्रेस के नेता गायब हो जाते हैं। पीपल्दा से लेकर दिल्ली तक यही हाल है। कोई इटली जाता है कोई बूंदी तो कोई जयपुर में आकर बैठ जाता है। कौनसा नेता ओलावृष्टि, कोरोना या दूसरी आपदा के समय यहां आया है। केवल ओम बिरला आपदाओं के समय तुरंत कोटा आ जाते हैं। वे विदेश का दौरा छोड़कर भी आपदा के समय यहां आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button