*दिग्विजय सिंह को गरीबों की कोई चिंता नहीं* *- श्री कैलाश विजयवर्गीय*

बुरहानपुर, 4/11/2023। पिछले विधानसभा चुनाव में कमलनाथ ने जनता से करीब 900 वादे किए थे, लेकिन 15 महीने सरकार चलाने के बाद 9 वादे भी पूरे नहीं किए। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को जनता की कोई फिक्र ही नहीं है। कमलनाथ उसी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता है, जिसने देश के सुप्रीमकोर्ट में शपथ-पत्र प्रस्तुत करते कहा था कि राम होते ही नहीं हैं। रामायण उपन्यास है। अगर धोखे से भी मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई तो प्रदेश की एक करोड़ 31 लाख से अधिक बहनों को प्रति माह मिलने वाले 1250 रूपए कांग्रेस बंद कर देगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुरहानपुर से पार्टी प्रत्याशी श्रीमती अर्चना चिटनीस और नेपानगर से पार्टी प्रत्याशी सुश्री मंजू दादू के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। श्री विजयवर्गीय ने गणपति नाका से गांधी चौक तक रोड शो भी किया है।
पार्टी महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली बार की 9 घोषणाएं पूरी नहीं करने वाले कमलनाथ ने इस बार भी कई चुनावी घोषणाएं की हैं। मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी और उनके नेता कमलनाथ को पहचान चुकी है। श्री विजयवर्गीय ने कहा आजकल कमलनाथ कहते हैं कि राम तो हमारे भी हैं। हमने कहा हमने कहां मना किया कि हमारे हैं, लेकिन उस समय कहां थे, जब तुम्हारी कांग्रेस पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ-पत्र दिया कि राम होते ही नहीं हैं। रामायण उपन्यास है। हम भी मान लेते हैं राम तुम्हारे भी हैं। राम सबके हैं। जो राम के चरण में चला गया राम उसके हैं। कमलनाथ जी अब भगवान श्री राम का नाम जीलिए या हनुमान जी का, जनता आपको पहचान चुकी है।
*भगवान राम बहुरूपिए को कभी माफ नहीं करते*
श्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रभु श्री राम के शरणागत जो जाता है, वह उसे माफ कर देते हैं, लेकिन बहुरूपिए को कभी माफ नहीं करते। श्री विजयवर्गीय ने कहा सुर्पणखा कौन थी, रावण की बहन थी। भगवान राम 14 साल के लिए वनवास पर गए। जब 14 वर्ष के लिए वनवास गए तो सुर्पणखा प्रभु श्री राम के पास गई। प्रस्ताव रखा, लेकिन प्रभु श्री रामजी ने मना कर दिया। बाद में सुपर्णखा की नाक कट गई। बहुरूपिया जब जाता है, जर्नादन क्या करते हैं, नाक काट देते हैं। आप भी जनता जर्नादन हैं आप क्या करेंगे। विधानसभा चुनाव में बहुरूपियों की नाक काटने के लिए तीर, तलवार की भाजपा के पक्ष में मतदान की आवश्यकता है।
*लाड़ली बहनों को रूपए तब तक मिल रहे, जब तक भाजपा की सरकार*
श्री कैलाश विजयवर्गीय ने महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा कि 17 नवंबर को सभी बहनें घर से निकलें और भाजपा के पक्ष में मतदान करें। पड़ोसन से अगर झगड़ा भी हो तो भी राष्ट्र निर्माण के लिए झगड़ा भूल जाना और पड़ोसन के साथ भाजपा के पक्ष में मतदान करना। अभी मध्यप्रदेश की एक करोड़ 31 लाख से अधिक बहनों को 1250 रूपए प्रतिमाह मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार दे रही है, आगे बढ़ाकर तीन हजार रूपए प्रति माह किए जाएंगे। यह रूपए तब मिलेंगे जब भाजपा की सरकार बनेगी। गलती से भी कांग्रेस को वोट दे दिया या किसी अन्य पार्टी को दे दिया तो अपने बटुए में जो 1250 रूपए आ रहे हैं वह मिलना बंद हो जाएंगे।
*कभी-कभी कपूत भी निकल जाते हैं*
श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा जो पार्टी का है वह पार्टी का है। भाजपा हमारी मां है। हम सब उसके बेटे हैं। सपूत कभी कपूत भी निकल जाते हैं। भाजपा की आन, बान, शान का ध्यान आपको रखना है। श्री विजयवर्गीय ने कहा इंदौर से खंडवा आने में पहले 8 घंटे लगते थे। भाजपा की सरकार ने ऐसी सड़कें बनाई हैं कि अब 4 घंटे लगते हैं। 2003 से पहे मध्यप्रदेश में बिजली कैसी आती थी, यह किसानों को मालूम है। बड़ी मुश्किल से तीन घंटे आती थी। मप्र में 5 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन होता था। भाजपा सरकार ने 28 हजार मेगावाट उत्पादन कर दिया।
*नेपानगर, बुरहानपुर जीत जाते तो कमलनाथ की सरकार नहीं बनती*
बुरहानपुर में पार्टी प्रत्याशी श्रीमती अर्चना चिटनिस ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा दिल आज तक भारी है। वह इसलिए भारी है कि पांच साल पहले अगर नेपानगर, बुरहानपुर जीत जाते तो 18 महीने की कांग्रेस की सरकार की काली रात हम नहीं देखते। पांच साल में हमने देखा कि लम्हों ने खता की थी पांच साल हमने सजा पाई। पांच सालों में बुरहानपुर का विकास नहीं हो पाया।
*भाजपा विजय संकल्प रैली में उमड़ा जनसैलाब*
आमसभा के पूर्व भाजपा द्वारा विजय संकल्प विशाल रैली निकाली गई। जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह पर लोगों ने मंच लगाकर स्वागत किया, वहीं घरों, बिल्डिंग एवं अपने आंगन से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अर्चना चिटनिस पर पुष्प वर्षा कर स्वागत-अभिनंदन किया और विजयश्री की शुभकामनाएं दी। रैली गणपति नाका आलमगंज से प्रारंभ हुई, जो सिंधीपुरा गेट, बुधवारा, दाउदपुरा, ढोलीवाड़ा, अनाज मंडी, इकबाल चौक, सुभाष चौक होते हुए गांधी चौक पहुंचकर विशाल आमसभा में परिवर्तित हुई। इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी उपस्थित थे। जनसभा का संचालन डॉ. मनोज माने ने किया। आभार विपुल कानगो ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button