चुनाव बाद आप मेरा कुर्ता पकड़ लेना’, जानिए शाहपुर की सभा में कमल नाथ ने क्यों कहा ऐसा
![](https://indiahulchal.com/wp-content/uploads/2023/10/08_11_2022-25_08_2022-kamal_nath_23011982_192132734_23190118-780x470.jpg)
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने शुक्रवार को बैतूल जिले के शाहपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सरकार पर जमकर हमले बोले। उन्होंने जनता से प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सच्चाई का साथ देने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर उद्योग धंधों की व्यवस्था चौपट हो गई है। देश में आदिवासियों पर सबसे ज्यादा अत्याचार मध्यप्रदेश में हुए हैं। सबसे ज्यादा बेरोजगारी मध्य प्रदेश में है। उन्होंने जनता से कहा कि आप कमल नाथ का साथ मत देना, कांग्रेस का साथ मत देना लेकिन प्रदेश की तस्वीर सामने रखकर सच्चाई का साथ देना। इससे हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।
कमल नाथ ने कहा कि हमारी सरकार बनी थी, जिसमे साढ़े 11 महीने काम करने के लिए मिले थे। हमने एक शुरुआत की थी। बैतूल जिले के 85 हजार किसानों का कर्ज पहली किश्त में माफ किया था। हमने 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी, कौन सी गलती की, कौन सा पाप किया। एक लाख गोशाला बनाई , पेंशन बढ़ाई। हमारे कार्यकाल के आप सब गवाह हैं। मैं सौदा कर सकता था, पर सौदा करके कुर्सी पर बैठने वाला नही था। सरकार जाती है तो चली जाए। क्योंकि मध्य प्रदेश की पहचान सौदे से नहीं है।
कमल नाथ बोले कि आज देखिए भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं है। हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार हो रहा है या गवाह है। पंचायत से लेकर ऊपर तक पैसे दो, काम लो। 50 एकड़ जमीन वाला भी पैसे देकर गरीबी रेखा में अपना नाम जुड़वा लेता है। भ्रष्टाचार में डूबा हुआ यह प्रदेश है। शिवराज सिंह ने रेट फिक्स किया हुआ है। 50 प्रतिशत पैसा दो। मैं तो पूछता हूं, शिवराज सिंह जी आपने दिया क्या है। आप बड़ी लंबी-चौड़ी बातें करते हैं। आप भी तो हिसाब दीजिए।