शिवराज के सामने कांग्रेस के ‘हनुमान’ को करना पड रहा अपनों का विरोध, कांग्रेस कार्यकर्ता बोले कमलनाथ को चखाउंगा मजा, दोनो दलों में हो रहे विरोध
शिवराज के सामने कांग्रेस के 'हनुमान' को करना पड रहा अपनों का विरोध, कांग्रेस कार्यकर्ता बोले कमलनाथ को चखाउंगा मजा, दोनो दलों में हो रहे विरोध
भोपाल। चुनावों को लेकर अपनी पसंद का प्रत्याशी नहीं मिलना या नहीं बनाने को लेकर दोनों प्रमुख सियासी दलों में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवार घोषित करने के बाद कांग्रेस को कुछ जगह अपने कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार 13 सीट- दतिया, नागौद, इंदौर-4, खरगापुर, महाराजपुर, नरयावली, सुवासरा, उज्जैन उत्तर, ग्वालियर ग्रामीण, धरमपुरी, आलोट, बिजावर और बुधनी में कांग्रेस प्रत्याशियों के कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं।
बुधनी में सामने आया विरोध –
बुधनी में सीएम शिवराज सिंह के खिलाफ मैदान में उतारे गए विक्रम मस्ताल का भी विरोध हो रहा है। सतना जिले की नागौद सीट से 2013 में कांग्रेस विधायक रहे यादवेंद्र सिंह ने टिकट कटने के कुछ ही घंटे बाद भोपाल में बसपा जॉइन कर ली। वे अपनी पीड़ा बताते हुए फफक कर रो पड़े। यादवेंद्र सिंह ने कहा, ‘ब्योहारी में राहुल गांधी की सभा हुई थी। इसमें अजय सिंह (राहुल भैया) ने कहा था कि यदि प्रत्याशियों का चयन अच्छा हुआ तो संभाग की 30 में से 24 सीटें आएंगी। हम उनके और कांग्रेस के राइट हैंड थे। हमारे साथ इस तरह हुआ तो मैं अगल-बगल में देखूंगा। ये तो नहीं कहता कि कितनी सीटों पर नुकसान करूंगा। मगर, जिले में कमलनाथ को मजा चखाऊंगा।’लोगों का मानना है कि यादवेंद्र जिले में काफी प्रभाव रखते हैं। कुछ लोगों ने तो यह भी कहा कि वे गुटबाजी का शिकार हुए हैं।
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने इस्तीफा इसलिए दिया, क्योंकि कोई पूछने वाला नहीं है। कमलनाथ को इतना मद हो गया कि टिकट बंटने के छह से आठ घंटे हो गए, मैं इंतजार कर रहा था। मुझसे कह दिया था कि आप तैयारी करो। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि आप दिल्ली और भोपाल क्यों आए हो, आप क्षेत्र में काम करो। मैं लगातार सेवा करता चला आ रहा था। मेरे साथ ऐसा हुआ। मैंने टिकट बंटने के बाद सबको फोन किया, लेकिन किसी ने नहीं उठाया।’
बुधनी के कार्यकर्ता बोले- मस्ताल के लिए काम नहीं करेंगे
बुधनी (सीहोर) से कांग्रेस ने टीवी एक्टर विक्रम मस्ताल शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां से भाजपा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाया है। सोमवार को बुधनी से भोपाल आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ के सामने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि मस्ताल को कोई नहीं जानता। वे मस्ताल के लिए काम नहीं करेंगे।
हम सभी को टिकट नहीं दे सकते- कमलनाथ
पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी के सवाल पर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, ‘4 हजार लोगों ने दावेदारी की थी। सभी को टिकट नहीं मिल सकता। कुछ तो निराश होंगे ही। लेकिन, मुझे विश्वास है कि वे अंत में कांग्रेस का साथ देंगे। भाजपा अपनी चिंता करे, हमारी चिंता न करे।’